दैनिक भास्कर, नई दिल्ली, दिल्ली
कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले राजधानी को धूम्रपान और तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने कमर कस ली है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस योजना को एक निश्चित अवधि में पूरा करने के लिए सरकार ने व्यापक अभियान छेड़ा है। दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रो. किरण वालिया ने तम्बाकू मुक्तशहर दिल्ली पर आयोजित एक संगोष्ठी के उदघाटन के अवसर पर कहा कि राजधानी को इससे मुक्त करने का मतलब है कि सभी लोगों को तम्बाकू के खतरों की जानकारी देकर उन्हें इससे बचाया जाए।
इसके लिए तम्बाकू और धूम्रपान निषेध नियमों को सभागारों, अस्पतालों, रेल प्रतिक्षालयों, मनोरंजन केंद्रों, होटलों और रेस्तरां, सरकारी कार्यालयों, अदालत परिसरों, शैक्षिक संस्थानों, वाचनालयों, जनसुविधाओं और भीड़ वाले सभी जगहों पर सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने लोगों की मदद के लिए एक वेबसाइट भी लांच की है जहां से लोग धूम्रपान से निजात पाने और उससे हुई समस्याओं पर सलाह ले सकेंगे।
इस पायलट प्रोजेक्ट को लागू करने के लिए दिल्ली सरकार के मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान के अलावा दिल्ली चिकित्सा एसोसिएशन और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन से भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक ९७१५३ सार्वजनिक जगहों पर छापा मारा जा चुका है और उन्हें दंडित भी किया गया है। योजना के पहले चरण में पूर्वी दिल्ली की कुछ खास बस्तियों से अभियान शुरू किया जा रहा है।
पूरा समाचार पढ़ने के लिये यहाँ पर क्लिक कीजिये
-----------------------------------------------------
तम्बाकू किल्स न्यूज़ बुलेटिन,
बुधवार, २३ जून २०१०
अंक-९७९