दैनिक भास्कर, सागर, मध्य प्रदेश
डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन एवं विभागों में कार्यालयीन समय के दौरान धूम्रपान करने वालों की अब खैर नहीं। इनके खिलाफ कुलपति ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कुलसचिव कार्यालय से जारी एक आदेश के अनुसार यदि कोई कर्मचारी, शिक्षक कार्यालयीन समय में धूम्रपान करता पाया जाता है, तो उस पर 500 रुपए का अर्थदंड लगाया जाएगा। यह अर्थदंड संबंधित के वेतन से काटा जाएगा।
धूम्रपान पर रोक लगाने के लिए कुलपति ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों को भी मुख्य प्रशासनिक भवन एवं विभागों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी है। कुलपति का कहना है कि विवि परिसर को आकर्षक और सुंदर बनाए रखने का दायित्व विवि परिवार के सभी सदस्यों का है।
इन स्थानों को भी नहीं छोड़ा- धूम्रपान पर रोक लगाने के लिए मुख्य प्रशासनिक भवन में जगह-जगह सूचना चस्पा की गई हैं, लेकिन कतिपय लोगों ने इन दीवारों को भी पान-गुटखे की पीक से रंग दिया है। भास्कर ने शुक्रवार को ही मुख्य प्रशासनिक भवन का जायजा लिया तो यह हकीकत उजागर हुई। छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय से थोड़े ही आगे चैनल गेट के समीप की दीवार पीक से रंगी हुई थी। भवन में स्थित परीक्षा विभाग, स्थापना शाखा के सामने, उप कुलसचिव (प्रशासन) कार्यालय के समीप, प्रथम मंजिल पर की सीढिय़ों पर, वेतन शाखा कार्यालय के समीप आदि स्थानों की दीवारें एवं फर्श पीक से रंगे पाए गए।
आदेश बेअसर
कैंपस में स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों अथवा चाय-पान की दुकानों पर धूम्रपान सामग्री बेचते पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का आदेश पिछले सप्ताह कुलसचिव कार्यालय से जारी किया गया था, लेकिन यह आदेश भी बेअसर दिखाई दे रहा है। भास्कर ने शुक्रवार को कैंपस में स्थित चाय-पान की दुकानों का जायजा लिया, तो ज्यादातर दुकानों पर धूम्रपान की सामग्री खुलेआम बिक रही थी।
...तो किराया कैसे निकालेंगे
ज्यादातर दुकानदारों का कहना है कि यदि धूम्रपान सामग्री नहीं बेचेंगे तो फिर दुकान का किराया निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। दुकानदारों का कहना था कि माह में आठ सौ से एक हजार रुपए किराया विवि प्रशासन को देना पड़ता है। इनका कहना था कि केंद्रीय विवि का दर्जा प्राप्त होने के बाद कैंपस में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम होने से ग्राहकी कम हो गई है। यदि इनकी मानें तो धूम्रपान पर रोक लगेगी ही नहीं।
पूरा समाचार पढ़ने के लिये यहाँ पर क्लिक कीजिये
-----------------------------------------------------------------
तम्बाकू किल्स न्यूज़ बुलेटिन,
सोमवार, २७ सितम्बर २०१०
अंक- २०८२