नव भारत टाईम्स, पणजी, गोवा
सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने की वजह से बॉलिवुड अभिनेता अजय देवगन पर जुर्माना लगाया गया है। पणजी में एक मल्टीप्लेक्स परिसर में सिगरेट फूंकते देखे जाने की वजह से उन पर पुलिस ने 100 रुपये जुर्माना लगाया है। डिप्टी एसपी देऊ बेनॉलिकर ने बताया, 'अजय देवगन को नोटिस आज (बुधवार) जारी किया जाएगा। हम राज्य स्वास्थ्य विभाग (स्वास्थ्य सेवा निदेशालय या डीएचएस) की शिकायत पर यह कार्रवाई कर रहे हैं।'
बेनॉलिकर ने बताया कि डीएचएस की निदेशक राजनंदा देसाई ने यह शिकायत दर्ज कराई है। धूम्रपान के खिलाफ काम करने वाले एक एनजीओ ने डायरेक्टर के सामने देवगन के आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स परिसर में धूम्रपान करने की तस्वीरें पेश की थीं। इस मल्टीप्लेक्स में देवगन की मई में प्रदर्शित होने जा रही फिल्म 'गोलमाल 3' के लिए सैट बनाया गया था।
उन्होंने कहा, 'स्वास्थ्य विभाग ने अपराध शाखा में यह शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में इसे कार्रवाई के लिए हमारे पास भेजा गया। हमने तस्वीरें सत्यापित होने के बाद ही उन्हें नोटिस भेजने का फैसला लिया है।' गौरतलब है कि देवगन पर सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने के लिए दूसरी बार जुर्माना लगाया गया है। इससे पहले उन्हें चंडीगढ़ में एक सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीने के लिए जुर्माना भरना पड़ा था।
पूरा समाचार पढ़ने के लिये यहाँ पर क्लिक कीजिये
---------------------------------------------------------------------
तम्बाकू किल्स न्यूज़ बुलेटिन,
बुधवार, ०१ सितम्बर २०१०
अंक- २०३२